14 अगस्त को गाजे बाजे के साथ बहराइच शहर में निकलेगी व्यापार मंडल की तिरंगा बाइक रैली

नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर हरी झंडी दिखाकर करेंगी रैली को रवाना, डीएम मोनिका रानी की मौजूदगी में घंटाघर पर होगा बाइक रैली का समापन

बहराइच। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को व्यापार मंडल की तिरंगा बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी रैली में शामिल होंगे। व्यापारियों ने आजादी पर्व पर तिरंगा झंडे, झालरों और लाइटिंग से अपने प्रतिष्ठान सजाकर शहर को तिरंगामय बनाने की तैयारी की है।

यह भी पढ़ें : कांवरियों से भरे ट्रैक्टर से कुचल कर 10 वीं की छात्रा की हुई दर्दनाक मौत
उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा व महामंत्री दीपक सोनी “दाऊजी” ने संयुक्त बयान में बताया कि नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर छावनी बाजार से व्यापार मंडल की तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगीं तथा घंटाघर चौराहे पर डीएम मोनिका रानी की मौजूदगी में रैली का समापन होगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम पौने पांच बजे सभी व्यापारीगण छावनी बाजार स्थित स्वर्गीय मल्लू मातनहेलिया के प्रतिष्ठान पर एकत्र होंगे। शाम 5 बजे लाउडस्पीकर पर आजादी गीत बजाते हुए अपने अपने दोपहिया वाहनों से तिरंगा लहराते डिगिहा, अस्पताल चौराहा, पानी टंकी, डीएम आवास, कचेहरी रोड सहित शहर के मुख्य मार्गों से होकर यह रैली घंटाघर पर समाप्त होगी।

उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा ने कहा कि आजादी पर्व पर  दिलों में देश प्रेम जगाने तथा कुर्बानी देने वालों को याद करने हेतु देश भर में कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी क्रम में बहराइच व्यापार मंडल भी बाइक रैली निकाल रहा है। व्यापारी, शहरवासी व जिला प्रशासन मिलकर शहर को तिरंगामय बनाएंगे। श्री मल्होत्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, बहराइच द्वारा सर्राफा कमेटी अध्यक्ष सुमित खन्ना को “रैली संयोजक” बनाया गया है।

हर घर तिरंगा अभियान में झंडा, झालर व लाइटों से तिरंगामय होगा बहराइच शहर

संयोजक सुमित खन्ना ने कहा कि गत वर्ष मनाए गए आजादी पर्व की तरह इस बार भी पूरे घंटाघर के इलाके को सर्राफा कमेटी द्वारा तिरंगे पट्टे से सजाया जाएगा। खन्ना ने कहा कि बाइक रैली में हर बाइक पर तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। खन्ना ने आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर राष्ट्र गौरव को बढ़ाएं।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजमोहन मातनहेलिया ने बताया कि शहर के ट्रेड यूनियन व स्ट्रीट यूनियनों के साथ हुई बैठक में सभी यूनियन पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी पर अपने अपने ट्रेड व स्ट्रीट के प्रत्येक प्रतिष्ठानों व दुकानों के साथ साथ प्रत्येक व्यापारी के घरों पर तिरंगे झंडे लगवाने की जिम्मेदारी ली है। तमाम व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों व आवास को तिरंगा पट्टियों व लाइटिंग से सजाकर पूरे शहर को तिरंगामय बनाने का संकल्प लिया है।

व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गौरीशंकर भानीरामका ने बताया कि अपने निजी प्रतिष्ठानों पर सरकार द्वारा घोषित समय के अनुसार झंडा रोहण किया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि झंडारोहण के दौरान अथवा घरों व प्रतिष्ठानों पर तथा रैली में झंडे लगाते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि हर परिस्थिति में राष्ट्र ध्वज का सम्मान बरकरार रहे और राष्ट्रीय ध्वज संहिता का उल्लंघन ना होने पाए।
यह भी पढ़ें : कांवरियों से भरे ट्रैक्टर से कुचल कर 10 वीं की छात्रा की हुई दर्दनाक मौत