जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी अमरनाथ की गोली मारकर हत्या

कांवरिया बनकर आए जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी अमरनाथ सिंह की बासुकीनाथ धाम में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग करने वाले बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए

राजेश प्रकाश, रांची। कांवरिया बनकर आए जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी अमरनाथ सिंह की बासुकीनाथ धाम में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग करने वाले बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। लोगों की भारी भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

यह भी पढ़ें : नशेड़ी देवर नें गुस्से में काटी भाभी की नाक
जरमुंडी थाना क्षेत्र से महज 100 मीटर की दूरी पर बासुकीनाथ नंदी चौक के समीप गुरुवार की रात्रि 11.45 बजे के करीब बासुकीनाथ धाम में पूजा अर्चना करने आए जमशेदपुर गौड़ बस्ती, कृष्णा नगर मानगो के कांवरिया 40 वर्षीय अमरनाथ सिंह की गोली मारकर अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी। घटना के समय अमरनाथ सिंह पूजा अर्चना करने के बाद अपने भतीजे मनीष कुमार के साथ था। जबकि उसकी पत्नी नेहा सिंह बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाजार में खरीददारी करने गयीं थी।

इस दौरान कांवरिया वेश में आए अज्ञात अपराधियों ने झोला से हथियार निकाल कर कनपटी से सटाकर करीब छह-सात राउंड फायरिंग की और निकल भागे। फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय लोगों ने व अन्य ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक उमाकांत मेहरा ने उसकी मृत्यु की पुष्टि कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस से पूछताछ के दौरान मृतक के भतीजे मनीष ने बताया कि वह चाचा अमरनाथ के साथ गेट के पास खड़ा था तभी कांवरिया के रुप में आए एक युवक ने अपने झोले से पिस्टल निकाल कर चाचा माना कि सिर पर फायरिंग कर दी। मनीष ने बताया कि फायरिंग के दौरान आसपास भगदड़ मच गई जिससे हमलावर भी मौके से भाग निकला।

गौरतलब हो कि पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा का आज बिदाई समारोह था, नए पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खैरवार ने जिले का कामकाज संभाला है। नए एसपी के कुर्सी पर बैठते ही हत्या की वारदात हुई है, वह घटना मे किस तरह से अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे, यह देखने वाली बात होगी। घटना स्थल पर जरमुंडी थाना के पुलिस निरीक्षक दयानंद साह, एसआई अनुज कुमार यादव, एएसआई योगेंद्र शर्मा, अशोक कुमार, बासुकीनाथ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मंटू लाहा, उपाध्यक्ष अमित कुमार साह उर्फ छोटू साह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

गणेश गैंग से अमरनाथ की चल रही थी अदावत

घटनास्थल पर मौजूद मृतक के दोस्त बृजेश सिंह फोन पर किसी को बार-बार जानकारी दे रहे थे कि यह गणेशवा ने घटना कराई है। सूत्रों की मानें तो जमशेदपुर के अपराधिक प्रवृत्ति के अमरनाथ सिंह की रंजिश गणेश गैंग के साथ चल रही थी। ऐसे में माना जा रहा कि गैंगवार में गणेश गैंग के द्वारा ही अमरनाथ की हत्या कराई गई है।
यह भी पढ़ें : नशेड़ी देवर नें गुस्से में काटी भाभी की नाक