कचरे से कंचन बनाने के टिप्स सुझाकर अंबेडकरनगर वासियों को प्रेरित कर गयीं राज्यपाल

टांडा से लेकर अकबरपुर तक कई कार्यक्रमों में शामिल हुईं राज्यपाल

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मंगलवार को दिनभर अलग-अलग हुए कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के कान खड़े रहे। इस दौरान जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जल संचय के प्रति लोगों को सजग करते हुए उन्होंने कहा कि पानी हमारे जीवन के लिए अति आवश्यक है। इसी के साथ उन्होंने कचरे से कंचन बनाने की आवश्यकता पर लोगों को ध्यान देने की अपील की।

यह भी पढ़ें : दुकानदार पर पुत्र को गायब करने का आरोप, परिवारजन ने किया हंगामा
राज्यपाल ने कहा कि आदर्श ग्राम के लिए कचरे का सही निस्तारण करना आवश्यक है। तथा सभी जगह पर पीने के लिए स्वच्छ पानी की आवश्यकता है।पानी के दुरुपयोग को रोकना होगा। इसके लिए उन्होंने महिलाओं को संकल्प दिलाया।

इसके पूर्व लोहिया भवन में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद राज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गान के साथ किया गया।

राज्यपाल का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड दर्पण 2 में प्रदेश में अंबेडकर नगर 9 वें स्थान पर है। इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरिडोर की स्थापना के लिए सकारात्मक प्रयास किया जा रहा है। समाज सेविका पुष्पा पाल के सफलता की कहानी बताई गई।

तत्पश्चात राज्यपाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी,मनरेगा से निर्मित पशु आश्रय स्थल के लाभार्थियों को स्मृति चिन्ह, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक, मुद्रा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक, उज्जवला गैस कनेक्शन के लाभार्थियों को कार्ड वितरण के साथ पूजा किन्नर को पहचान प्रमाण पत्र दिया।

आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के साथ बिताया समय

टांडा तहसील के मॉडल गांव चिंतौरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय पहुंच कर राज्यपाल ने वहां बच्चों के बीच काफी समय बिताया। बच्चों ने अभिवादन के बाद कविता सुनाई। राज्यपाल ने बच्चों से संवाद किया। प्राथमिक विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का जायजा लेकर उन्होंने बच्चों से पठन-पाठन विषयक संवाद किया। पुस्तकालय और रसोईय घर पर भी उनकी नजर गयी।जहां रसोइयों से वार्ता के बाद राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी किट वितरित किया और केजी से पीजी के तालमेल बनाने की अपील करते हुए बच्चों को टूर पर भेजने का सुझाव दिया।

पुंथर झील में किया नौका विहार

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पहले पुंथर झील में नौका विहार किया फिर आम जनमानस से विभिन्न बिंदुओं पर संवाद किया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इस झील के बारे में विस्तार से राज्यपाल को अवगत कराते हुए बताया कि लगभग 96 बीघे में फैली पुंथर झील बस्ती- आजमगढ़ हाईवे से सटी है। लगभग 720 क्विंटल उत्पादन स्थल की रमणीयता को देखते हुए इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया गया है। इस झील पर पाये जाने वाले सारस पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र हैं।राज्यपाल ने वहां उपस्थित समूह की महिलाओं से वार्ता की। उन्होंने समूह की महिलाओं व अन्य ग्रामीणों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की अपील भी की। समूह की कई महिलाओं ने घरेलू कार्य करते हुए समूह से जुड़ने के बाद अपनी सफलता की कहानी सुनाई। जिसके बाद उन्होंने महिलाओं को आगे आ कर काम करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद राज्यपाल ने चिंतौरा में वर्मी कंपोस्ट एवं रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) का भी निरीक्षण किया।

अमृत सरोवर देख वृद्ध आश्रम पहुंची राज्यपाल

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने टांडा तहसील के ममरेजपुर में अमृत सरोवर का निरीक्षण करने के बाद अकबरपुर तहसील के दहिरपुर स्थित वृद्ध आश्रम में पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धो का हाल जाना। अमृत सरोवर की जहां प्रशंसा किया वहीं वृद्ध आश्रम में आवासित वृद्धो के साथ संवाद किया। बुजुर्गों को वस्त्र,गिफ्ट हैंपर और फल वितरण भी किया। राज्यपाल को अपने सामने पाकर तमाम वृद्धो की आंखें भर आई।

राज्यपाल के जिला अस्पताल पहुंचते ही मची खलबली

प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अपने एकदिवसीय विशेष निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जब जिला अस्पताल परिसर पहुंची तो अफरा तफरी मच गई। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां आए दिन अवस्थाओं का आलम रहता है। अफसरों को इस बात का भय सता रहा था कि कहीं कोई मरीज या तीमारदार इस बात की शिकायत राज्यपाल से न कर बैठे। फ़िलहाल महिला अस्पताल के उपरांत जिला अस्पताल में अवस्थित वन स्टाफ सेंटर का उन्होंने निरीक्षण किया। साथ ही महिला एवं शिशु वार्ड का भी निरीक्षण किर वहां भर्ती बच्चों को फल तथा खिलौना वितरित किया।

इस दौरान मौके पर जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, भाजपा जिला अध्यक्ष तथा संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : दुकानदार पर पुत्र को गायब करने का आरोप, परिवारजन ने किया हंगामा