घोसी उपचुनाव रिजल्ट : सपा के सुधाकर सिंह 42 हजार से अधिक मतों से जीते, भाजपा के ऑफिस में पसर गया सन्नाटा

सपा कार्यालय में जहां जश्न का माहौल है वहीं भाजपा कार्यालय में सन्नाटा पसर गया

घोसी उपचुनाव रिजल्ट : Tv9भारत समाचार : उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। सपा के उम्मीदवार सुधाकर सिंह 42,672 मतों से जीते हैं। रिकॉर्ड मतों से सपा की जीत के बाद सपा कार्यालय में जहां जश्न का माहौल है वहीं भाजपा कार्यालय में सन्नाटा पसर गया है।

यह भी पढ़ें : घोसी उपचुनाव: दारा चौहान की वापसी या सुधाकर की जीत, सबकी निगाहें घोसी पर
मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए बीते 5 सितंबर को हुए मतदान की मतगणना शुक्रवार को सुबह गहमा ग़हमी के साथ शुरू हुई। शुरुआती दौर से ही सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने अपनी बढ़त बना ली थी। 34 राउंड की मतगणना तक सुधाकर सिंह किसी भी राउंड में नहीं हारे।

घोसी उपचुनाव का परिणाम

सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह – 42,672 वोटों से जीते

सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को 124295 वोट मिले
BJP प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 81623 वोट मिले

समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने बीजेपी के दारा सिंह चौहान को उपचुनाव में करारी शिकस्त दी है। सपा उम्मीदवार के जीत की घोषणा हो चुकी है। सपा के सुधाकर सिंह की रिकॉर्ड 42,672 मतों से हुई जीत के बाद सपा कार्यकर्ता जश्न के माहौल में दिखे। वहीं शुरुआती दौर से ही भाजपा को पिछड़ते देख भाजपा के कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। एक भी भाजपाई कार्यकर्ता नजर नहीं आया।

आपको बता दें कि घोसी उपचुनाव में INDIA Vs NDA का मुकाबला था। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा की सीट पर दाव पर लगी हुई थी। अखिलेश यादव के साथ ही सीएम योगी ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी, सीएम योगी घोसी विधानसभा क्षेत्र में खुद चुनाव प्रचार करने भी गए थे।

उन्होंने दारा सिंह के लिए वोट मांगा लेकिन जनता ने दारा सिंह को नकार दिया वहीं I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने सपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार किया तो वहीं भाजपा प्रत्याशी के लिए सुभासपा, अपना दल सोनेलाल जैसे NDA में शामिल दलों ने चुनाव प्रचार किया। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश की नजर घोसी में हो रहे उपचुनाव परिणामों पर सुबह से लगी हुई थी।

लेकिन शाम को जब मतों की गिनती पूरी हुई और 42,672 मतों से सपा के जीतने की घोषणा हुई तो भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे उतर गए। भाजपा के सारे दावे हवा हवाई साबित हुए।

दारा सिंह ने बदल लिया था दल

समाजवादी पार्टी से अलग होकर दारा सिंह चौहान ने हाल ही में भाजपा का दामन थामा था। वहीं विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले दारा सिंह चौहान योगी सरकार में मंत्री थे। मगर चुनाव से ठीक पहले वह भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हो गए थे। वर्ष 2022 में सपा ने घोसी से ही दारा सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने जीत भी हासिल की थी। लेकिन दल बदलने वाले दारा सिंह इस बार गच्चा खा गए।
यह भी पढ़ें : घोसी उपचुनाव: दारा चौहान की वापसी या सुधाकर की जीत, सबकी निगाहें घोसी पर