अमरनाथ सिंह हत्याकांड का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

वासुकीनाथ धाम में बीते सप्ताह हुई थी गोली मारकर हत्या, घटना का मास्टरमाइंड अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर

राजेश प्रकाश, रांची/दुमका। वासुकीनाथ धाम में बीते सप्ताह परिवार के साथ पूजा अर्चना करने आए जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी अमरनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मास्टरमाइंड आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पकड़े गए लोगों ने खुलासा किया है कि गैंग की रंजिश के चलते अमरनाथ सिंह की हत्या की गई।

यह भी पढ़ें : दृढ़ संकल्प से ही बचेगा भारत का संविधान-बृजलाल खाबरी
समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खैरवार ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि घटना का मास्टरमाइंड राजा शर्मा है, जो पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एसपी ने बताया कि जमशेदपुर के गैंगस्टर अमरनाथ सिंह हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है।

हत्याकांड के दो आरोपियों को दुमका पुलिस ने टाटानगर जंक्शन से गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया इसके बाद कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को दुमका लाया गया है। पुलिस अधीक्षक खैरवार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा इस बात को स्वीकार किया गया कि अमरनाथ सिंह और राजा शर्मा के बीच जमीन के कारोबार में हमेशा तकरार हुआ करता था।

अमरनाथ सिंह द्वारा राजा शर्मा को परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इसी बीच राजा को जब पता चला कि अमरनाथ सिंह अपने परिजनों के साथ देवघर एवं बासुकीनाथ पूजा अर्चना करने गया है तो घात लगाए राजा शर्मा और उसके गिरोह द्वारा बासुकीनाथ के नंदी चौक के समीप 27 जुलाई की रात को गोली मार हत्या कर दी गई।

अमरनाथ सिंह हत्याकांड का खुलासा 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में 6 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें दो आरोपी गीता चौधरी और अभिषेक सिलने को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ 31 जुलाई को जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भेज दिया जबकि एक अन्य आरोपी उत्तम महतो ने जमशेदपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

एसपी ने कहा कि पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी करने का प्रयास कर रही थी, इसी बीच सूचना मिली कि अमरनाथ सिंह हत्याकांड में शामिल अजीत मंडल और विशाल सिंह टाटानगर जंक्शन से ट्रेन के द्वारा बाहर खिसकने की फिराक में है। इस पर कार्रवाई करते हुए टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि विशाल सिंह ने ही अमरनाथ की गोली मारकर हत्या की थी। पीतांबर सिंह खैरवार ने बताया कि इस हत्याकांड का खुलासा करने में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा वरीय पदाधिकारी से की जाएगी।
यह भी पढ़ें : दृढ़ संकल्प से ही बचेगा भारत का संविधान-बृजलाल खाबरी