शुक्रवार की सुबह शुरू हुई झमाझम बारिश ने उमस भरी गर्मी से दिलायी राहत

किसानों के लिए ये बारिश की बूंदें खुशियां बनकर जमीन पर गिरी

दिनेश चंद्र मिश्र,गोरखपुर। जनपद गोरखपुर में शुक्रवार की सुबह-सुबह शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों का दिन सुहाना कर दिया और उमस भरी गर्मी से राहत दिला दिया है। शहरवासियों की नींद खुली तो बाहर का नजारा देख चेहरे पर खुशी छा गई। तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को झमाझम बारिश ने राहत दिलाई ही, किसानों के लिए ये बारिश की बूंदें खुशियां बनकर जमीन पर गिरीं। बारिश के साथ ही किसानों ने कृषि कार्यों में तेजी लाई है।

यह भी पढ़ें :विधायक ने घर-घर संपर्क कर गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

बता दें कि मौसम ने इस महीने गोरखपुर के लोगों की खूब परीक्षा ली। पूरे माह बारिश का माहौल तो बनता रहा, लेकिन इसके लिए लोग तरसते रहे। इसकी वजह से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना बनती रही, लेकिन मिल नहीं सकी। रिमझिम फुहारों के चलते गर्मी के लिहाज से गुरुवार का दिन कुछ हद तक राहत भरा रहा, यद्यपि खुलकर बारिश फिर भी नहीं हो सकी।

गुरुवार को पहली बार ऐसा हुआ कि अधिकतम तापमान जून के औसत औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान फिर भी औसत से अधिक रहा। धूप की नामौजूदगी में आर्द्रता के बढ़े प्रतिशत ने भी गर्मी से राहत दिलाने में मदद की। गुरुवार को आर्द्रता का प्रतिशत 71 से 77 प्रतिशत के बीच रहा।

विभाग के अनुसार शुक्रवार यानी आज मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। बारिश का यह क्रम अगले चार-पांच दिन तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है। गुरुवार का अधिकतम तापमान 31.9 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

यह भी पढ़ें :विधायक ने घर-घर संपर्क कर गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां