बदमाशों ने की छह राउंड फायरिंग, ग्रामीणों ने खदेड़ा

ग्रामीणों की फायरिंग से एक बदमाश भी हुआ घायल, घायल बदमाश को लेकर भाग निकले बदमाश

लखीमपुरखीरी। थाना खीरी की पुलिस चौकी ओयल क्षेत्र के गांव पहाड़खां पुरवा में लूटपाट करने पूर्व प्रधान के घर आए बदमाशों और ग्रामीणों का आमना-सामना हो गया। करीब आधे घंटे तक बदमाशों ने करीब छह राउंड फायरिंग की। जवाब में ग्रामीणों ने भी गोलियां दागी। ग्रामीणों के मुताबिक गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ है, जिसे साथी बदमाश साथ लेकर फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे हैं।

यह भी पढ़ें : महिलाओं ने झाड़ू जुलूस निकाल कर लगाए शिवराज सरकार मुर्दाबाद के नारे
गांव पहाड़खां पुरवा निवासी पूर्व प्रधान मोनिस बेग परिवार के अन्य लोगों के साथ सो रहे थे। इसी बीच उन्हें किसी के होने की आहट मिली तो देखा एक बदमाश मुख्य दरवाजे के पास खड़ा था, जबकि दूसरा बदमाश पास में खड़ी ट्रॉली के पास था। बदमाशों को देखकर उन्होंने शोर मचाया। शोर शराबा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। छर्रे मोनिस बेग की दीवारों और दरवाजों पर जा लगे। इससे घर वालों में दहशत फैल गई।

गोली चलने की आवाज और शोरशाराबा होने पर तमाम ग्रामीण लाठी-डंडे और लाइसेंसी असलहे लेकर दौड़ पड़े और बदमाशों को ललकारते हुए मोर्चा संभाल लिया। इस पर बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने भी होहल्ला करते हुए जवाबी फायरिंग की। बताते हैं कि गोली एक बदमाश के लग गई, जिससे वह घायल हो गया। साथी के घायल होने और खुद को ग्रामीणों से घिरा देख बदमाश घायल साथी को लेकर फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले।

बदमाशों के जाने के बाद तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मकान की दीवारों और दरवाजे पर बने छर्रे के निशान और मौके पर पड़े छर्रे देख लोग कांप उठे। ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों और ग्रामीणों के बीच करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई। सूचना पर करीब पौन घंटे बाद यूपी 112 पुलिस और अोयल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

चौकी इंजार्ज ओपी सरोज और एसआई दशरथ यादव बदमाशों की घेराबंदी करने के बजाय परिवार वालों और ग्रामीणों से पूछताछ कर वापस लौट गए। घटना के बाद से पहाड़खां पुरवा और उसके आसपास के गांवों में बदमाशों की दहशत है। ग्रामीण रात जागकर बिताने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी पुलिस गश्त नहीं करती है। इससे बदमाश बेखौफ हैं।

प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी राजू राव ने कहा कि गांव पहाड़ खां पुरवा में चोरों ने घर में घुसने की कोशिश की थी। हल्ला हो जाने पर चोर भाग गए हैं। किसी तरह की कोई फायरिंग नहीं हुई है। चौकी पुलिस मौके पर गई थी और जांच कर रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : महिलाओं ने झाड़ू जुलूस निकाल कर लगाए शिवराज सरकार मुर्दाबाद के नारे