देवरों ने की रेप की कोशिश, पति ने बिना तलाक रचाई दूसरी शादी

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू कि मामले की जांच, विवाहिता ने मारपीट कर घर से भगाने का भी लगाया आरोप

हापुड़। बहादुरगढ़ निवासी एक विवाहिता के साथ उसकी दो देवरों ने अश्लीलता और छेड़छाड़ करते हुए रेप का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर ससुराली जनों ने उसे घर से भगा दिया। महिला के पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी भी कर ली। इस मामले में विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : कारागार में मोबाइल तोड़ सिम कार्ड न‍िगल गया बंदी
बहादुरगढ़ थाना अंतर्गत एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि जनवरी 2016 में उसकी शादी जनपद बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक संग हुयी थी। विदायी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कार और पांच लाख की डिमांड करने लगे। लेकिन मायके के लोगों की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह भारी-भरकम दहेज की मांग को पूरा कर सकें। इसके चलते ससुराल के लोग अक्सर उत्पीडन कर प्रताड़ित करने लगे।

महिला का कहना है कि 29 मई 2019 को वह घर पर अकेली थी। इसी बीच छोटे देवर ने कमरे में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत की। जिसकी शिकायत करने पर ससुरालियों ने घर से भगा दिया। दूसरा देवर मायके आ पहुंचा। महिला का कहना है कि देवर ने अकेला देखकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन शोर मचाने पर पड़ोसी दौड़ पड़े। पड़ोसियों को आता देख आरोपी देवर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। इस संबंध में उसने सीओ को शिकायती पत्र भी दिया था। जिसके बाद प्रबुद्ध लोगों के समझाने पर आरोपी उसे ससुराल ले गए। लेकिन आरोपियों के व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया। उन्होंने दोबारा उसे घर से निकाल दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते नौ जून को ससुराल पक्ष के लोगों ने बिना उसका तलाक करवाए ही उसके पति की दूसरी शादी करवा दी है। पुलिस उपाधीक्षक आशुतोष शिवम का कहना है कि महिला की तहरीर पर उसके पति समेत 06 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य मामलों में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। सभी आरोपी फरार हैं उनकी तलाश में भी दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें : कारागार में मोबाइल तोड़ सिम कार्ड न‍िगल गया बंदी